उत्तर प्रदेश में राम मंदिर समेत कई अति-संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए विशेष स्नाइपर तैनात करने की तैयारी है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कदम पुलिस आधुनिकीकरण योजना के तहत राज्य के सुरक्षा शस्त्रागार और निगरानी व्यवस्था को उन्नत करने की व्यापक योजना का हिस्सा है.

स्नाइपर तैनाती के लिए विशेष सुरक्षा बल (SSF) को तीन ‘विध्वंसक’ एंटी-मटेरियल स्नाइपर राइफलें देने की मंजूरी दी गई है. प्रत्येक राइफल की अनुमानित कीमत करीब 10.76 लाख रुपये बताई गई है. इन हथियारों के साथ 14 टेलिस्कोपिक सर्च मिरर भी खरीदे जाएंगे, ताकि संवेदनशील परिसरों में निगरानी मजबूत की जा सके.

किन जगहों पर बढ़ाई जाएगी सुरक्षा

प्रस्तावित तैनाती में अयोध्या का राम मंदिर, RRTS सुविधाएं, लखनऊ स्थित लोक भवन, मेट्रो प्रतिष्ठान और इलाहाबाद हाई कोर्ट शामिल हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, इन स्थानों को विशेष सुरक्षा व्यवस्था के लिए चिह्नित किया गया है.

‘विध्वंसक’ राइफलें 12.7 मिमी, 14.5 मिमी और 20 मिमी कैलिबर के गोला-बारूद के साथ इस्तेमाल की जा सकती हैं. कैलिबर के आधार पर इनकी प्रभावी मारक क्षमता करीब 1,300 से 2,300 मीटर बताई गई है, जबकि वजन 25 से 29 किलोग्राम के बीच है. एंटी-मटेरियल राइफलें आम स्नाइपर राइफलों से अलग होती हैं और इन्हें बंकर, हल्के बख्तरबंद वाहनों तथा रडार जैसी कठोर संरचनाओं को निशाना बनाने के लिए डिजाइन किया जाता है.

योजना के तहत जनप्रतिनिधियों के साथ तैनात सुरक्षा कर्मियों के पुराने हथियार भी बदले जाएंगे. इसके लिए करीब 5.59 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 800 9 मिमी सब-मशीन गन और 2.56 लाख राउंड गोला-बारूद खरीदा जाएगा.

इसके अलावा, PAC की तीन नई महिला बटालियनों के लिए 373 पिस्तौल और 90 असॉल्ट राइफलों की खरीद को भी मंजूरी दी गई है. इन हथियारों पर करीब 2 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.