संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) भर्ती परीक्षाओं में नकल और फर्जी उम्मीदवारों पर रोक लगाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस समेत कई डिजिटल उपाय अपना रहा है. आयोग के चेयरमैन अजय कुमार ने राज्य लोक सेवा आयोगों के सचिवों के लिए आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में इन पहलों की जानकारी दी.
अजय कुमार के मुताबिक, परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों की पहचान की पुष्टि के लिए AI-आधारित फेशियल ऑथेंटिकेशन की व्यवस्था की जा रही है. इसका उद्देश्य किसी दूसरे व्यक्ति के उम्मीदवार की जगह परीक्षा देने की आशंका को कम करना है. उन्होंने कहा कि तकनीक के दुरुपयोग से निपटने के लिए परीक्षा संस्थानों को उससे बेहतर तकनीकी उपाय अपनाने होंगे.
इंटरव्यू और आवेदन प्रक्रिया में बदलाव
UPSC ने आवेदन प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए यूनिवर्सल रजिस्ट्रेशन नंबर की व्यवस्था भी की है. इसके अलावा इंटरव्यू बोर्ड या पैनल का कंप्यूटर आधारित रैंडम अलॉटमेंट किया जा रहा है. आयोग के अनुसार, इस कदम का लक्ष्य इंटरव्यू प्रक्रिया में संभावित पक्षपात और अनियमितता की आशंका को कम करना है.
विभागीय प्रमोशन समितियों से जुड़े प्रस्तावों और दस्तावेजों को भी डिजिटल किया जा रहा है. इससे रिकॉर्ड प्रबंधन, प्रक्रिया की निगरानी और कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाने की कोशिश की जा रही है.
कार्यशाला में UPSC के सचिव शशि रंजन कुमार ने कहा कि यह केवल एकतरफा प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं है. इसमें अलग-अलग राज्यों के लोक सेवा आयोगों के अधिकारी अपने अनुभव साझा कर रहे हैं. चर्चा में डिजिटल फॉर्म प्रोसेसिंग, क्षेत्रीय भाषाओं में परीक्षाएं आयोजित करने और अभ्यर्थियों की शिकायतों के निपटारे जैसे विषय शामिल रहे.
उद्घाटन सत्र के बाद कार्यशाला को चार कार्य सत्रों में बांटा गया. इनमें UPSC परीक्षाओं, भर्ती नियमों और अनुशासनात्मक मामलों से जुड़े विभागों ने प्रस्तुतियां दीं. इसके बाद बड़े पैमाने की परीक्षाओं की व्यावहारिक चुनौतियों पर राज्य आयोगों के अधिकारियों के साथ खुली चर्चा हुई.
