संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 1 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में शताब्दी समारोह आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसमें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे.

समारोह में प्रधानमंत्री UPSC शताब्दी स्मारक सिक्का और विशेष स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे. इसके अलावा ‘100 लैंडमार्क जजमेंट्स- शेपिंग द पॉलिसीज ऑफ यूपीएससी एंड पब्लिक सर्विस कमीशंस इन इंडिया’ नामक पुस्तक का लोकार्पण भी प्रस्तावित है. पुस्तक में लोक सेवा आयोगों की नीतियों को प्रभावित करने वाले 100 ऐतिहासिक फैसलों का संकलन बताया गया है.

यह आयोजन पिछले साल 1 अक्टूबर से चल रहे सालभर के शताब्दी कार्यक्रम का समापन होगा. UPSC का गठन 1926 में हुआ था.

दो दिवसीय कार्यक्रम में मंथन

UPSC का यह आयोजन 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को दो दिनों तक चलेगा. पहले दिन ‘शताब्दी समारोह-मंथन’ के तहत अलग-अलग विषयों पर पैनल चर्चाएं हुईं. इसमें राज्य लोक सेवा आयोगों के अध्यक्ष और सदस्य, केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद और UPSC से जुड़े अधिकारी शामिल हो रहे हैं. कार्यक्रम में भारतीय लोक सेवा के भविष्य और उसकी नई प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श किया जा रहा है.