संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है. मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवार अब व्यक्तित्व परीक्षण यानी इंटरव्यू में शामिल होने के लिए पात्र होंगे. आयोग ने कहा है कि इंटरव्यू की तारीख और समय की जानकारी बाद में दी जाएगी.

सिविल सेवा परीक्षा तीन चरणों में आयोजित होती है—प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू. इसी प्रक्रिया के जरिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) समेत अन्य सेवाओं के लिए उम्मीदवारों का चयन किया जाता है. इस वर्ष मुख्य परीक्षा 21 अगस्त से 30 अगस्त तक आयोजित हुई थी.

इंटरव्यू से पहले दस्तावेज तैयार रखें

इंटरव्यू नई दिल्ली के शाहजहां रोड स्थित धौलपुर हाउस में आयोग के कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे. उम्मीदवारों को अपने मूल प्रमाणपत्र साथ लाने होंगे. इनमें उम्र, शैक्षणिक योग्यता, जाति या समुदाय, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और दिव्यांगता से जुड़े दस्तावेज शामिल हैं. उम्मीदवारों को टीए फॉर्म समेत अन्य जरूरी कागजात भी पहले से तैयार रखने को कहा गया है.

अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, EWS, दिव्यांगजन और पूर्व सैनिक श्रेणी में आरक्षण या छूट का दावा करने वाले अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र 27 फरवरी तक जारी हुए होने चाहिए. यह तारीख प्रारंभिक परीक्षा के आवेदन की अंतिम तिथि थी.

इंटरव्यू के लिए ई-समन लेटर समय आने पर UPSC की वेबसाइट और upsconline.nic.in पर उपलब्ध होंगे. आयोग ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को कागजी समन नहीं भेजा जाएगा. डाउनलोड से जुड़ी समस्या होने पर अभ्यर्थी आयोग के हेल्पलाइन नंबर 011-40303444 और 24041001 पर संपर्क कर सकते हैं या csm-upsc@nic.in पर ईमेल भेज सकते हैं.

इंटरव्यू की तारीख या समय बदलने के अनुरोध पर आमतौर पर विचार नहीं किया जाएगा. अंतिम परिणाम इंटरव्यू के बाद जारी होगा. इसके 15 दिनों के भीतर सभी उम्मीदवारों की मार्कशीट वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी और 30 दिनों तक उपलब्ध रहेगी.