लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हरिचंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर को अमेरिकी अधिकारियों ने गिरफ्तार किया है. वह विदेश से गिरोह के कथित जबरन वसूली नेटवर्क को संचालित करता था और हरियाणा के वांछित गैंगस्टरों में शामिल बताया जाता है.
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, बॉक्सर की गिरफ्तारी कैलिफोर्निया में हुई. कार्रवाई में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) से मिले इनपुट की भूमिका बताई जा रही है. भारतीय एजेंसियां उसे भारत वापस लाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर सकती हैं. इस प्रक्रिया में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को नोडल एजेंसी के तौर पर जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई गई है.
रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का मामला
फरवरी में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास के बाहर हुई फायरिंग के बाद बॉक्सर ने सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेशों के जरिए घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था. हालांकि, पुलिस ने उस समय ऑडियो रिकॉर्डिंग की प्रामाणिकता की जांच की बात कही थी और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की कथित भूमिका की जांच जारी थी.
एक ऑडियो संदेश में खुद को अर्जू बिश्नोई बताने वाले व्यक्ति ने हैरी बॉक्सर और शुभम लोनकर का नाम लेते हुए फायरिंग की जिम्मेदारी का दावा किया था. संदेश में रोहित शेट्टी को कथित तौर पर चेतावनी देने और हमले को ‘छोटा ट्रेलर’ बताने जैसी बातें कही गई थीं.
बॉक्सर का नाम कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग और अभिनेता रणवीर सिंह तथा तुषार कपूर को दी गई कथित धमकियों के मामलों में भी सामने आया है. उसके खिलाफ दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, फायरिंग और धमकी देकर वसूली से जुड़े मामले दर्ज बताए जाते हैं.
राजस्थान से जुड़ा है बॉक्सर का संबंध
हरिचंद जाट राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बामसूर क्षेत्र का मूल निवासी बताया जाता है. जयपुर में रहने के दौरान उसने बॉक्सिंग सीखी और बाद में बॉक्सिंग कोच के रूप में भी काम किया. इसके बाद वह लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा और विदेश से उसके नेटवर्क के संचालन में भूमिका निभाने लगा.
अमेरिका में यह कार्रवाई हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया की गिरफ्तारी के कुछ दिन बाद सामने आई है.
