अमेरिका, डेनमार्क और ग्रीनलैंड ने आपसी रक्षा संबंधों को मजबूत करने के लिए नए समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं. यह समझौता 27 अप्रैल 1951 को ग्रीनलैंड की रक्षा को लेकर हुए समझौते और उससे जुड़े बाद के समझौतों में संशोधन तथा विस्तार करता है.
समझौते में 1949 की नॉर्थ अटलांटिक संधि (नाटो) के तहत तीनों पक्षों के अधिकारों और जिम्मेदारियों को रेखांकित किया गया है. इसमें कहा गया है कि डेनमार्क के माध्यम से ग्रीनलैंड लंबे समय से नाटो व्यवस्था का हिस्सा रहा है. दस्तावेज में ग्रीनलैंड और उत्तरी अटलांटिक क्षेत्र की सुरक्षा में अमेरिका के लंबे समय से किए जा रहे योगदान का भी उल्लेख है.
आर्कटिक में सैन्य पहुंच और सुरक्षा सहयोग
समझौते के अनुसार, आर्कटिक और सुदूर उत्तर क्षेत्रों में विरोधियों की बढ़ती सैन्य गतिविधियों से सुरक्षा चुनौतियां बढ़ी हैं. इसी वजह से अमेरिका को नाटो क्षेत्र, ग्रीनलैंड और अमेरिकी महाद्वीप की रक्षा के लिए आवश्यक सीमा तक ग्रीनलैंड में सैन्य पहुंच देने पर सहमति जताई गई है. इसमें ‘गोल्डन डोम’ डिफेंस सिस्टम को लागू करना भी शामिल बताया गया है.
दस्तावेज में ग्रीनलैंड की रक्षा में अमेरिकी सेना की भूमिका को वर्तमान और भविष्य, दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना गया है. नूक में अमेरिकी कॉन्सुलेट को फिर से खोलने तथा वैज्ञानिक, शैक्षिक और आर्थिक साझेदारी बढ़ाने पर भी सहमति दर्ज की गई है.
समझौते में डेनमार्क की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की पुष्टि की गई है. साथ ही, अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत ग्रीनलैंड के लोगों के आत्मनिर्णय के अधिकार को स्वीकार किया गया है. स्वतंत्रता की प्रक्रिया को 2009 के स्व-शासन अधिनियम के अनुच्छेद 21 से जोड़ा गया है.
दस्तावेज में ग्रीनलैंड के प्राकृतिक पर्यावरण और लोगों के आर्थिक, सामाजिक तथा सांस्कृतिक अधिकारों की सुरक्षा पर भी जोर है. इसमें जमीन, जीवनशैली, शिकार, मछली पकड़ने और अन्य पारंपरिक गतिविधियों के संरक्षण का उल्लेख किया गया है.
