अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने रूस और ईरान पर प्रतिबंधों से जुड़े एक विधेयक को 262-159 मतों से पारित किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, ‘Lindsey O. Graham Sanctioning Russia and Iran Act of 2026’ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को रूस से तेल या गैस खरीदने वाले बड़े देशों पर 100% तक टैरिफ लगाने का अधिकार दे सकता है. विधेयक रूस की ऊर्जा और रक्षा अर्थव्यवस्था पर नए प्रतिबंधों का रास्ता भी खोलता है.

इससे पहले अमेरिकी सीनेट अगस्त में इस विधेयक को 86-11 के बहुमत से पारित कर चुकी है. अब इसे लागू करने के लिए राष्ट्रपति के हस्ताक्षर जरूरी होंगे. प्रस्तावित प्रावधानों से भारत और चीन जैसे रूसी ऊर्जा खरीदने वाले देशों पर असर पड़ सकता है.

भारत ने ऊर्जा सुरक्षा को प्राथमिकता बताया

भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि देश अपने 1.4 अरब लोगों की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है. मंत्रालय के मुताबिक, भारत बाजार की बदलती परिस्थितियों और अलग-अलग स्रोतों के आधार पर ऊर्जा खरीद जारी रखेगा. उसने यह भी कहा कि अमेरिकी अधिकारियों के साथ पिछले कुछ महीनों में उच्चस्तरीय बातचीत के दौरान द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक ऊर्जा बाजार पर संभावित असर को स्पष्ट किया गया है.

अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने कहा कि भारत के लोगों की ऊर्जा सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता है. उनके मुताबिक, ऊर्जा खरीद से जुड़े फैसले उपलब्धता, किफायती कीमत, बाजार की स्थिति और व्यावसायिक व्यवहार्यता के आधार पर लिए जाते हैं.

रिपोर्ट में ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव के आंकड़ों के हवाले से कहा गया है कि मार्च में समाप्त वित्त वर्ष के दौरान भारत ने रूस से 40.8 अरब डॉलर का कच्चा तेल आयात किया, जो उसके कुल कच्चे तेल आयात का करीब 30.3% था.

चीन और रूस ने भी जताई आपत्ति

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि चीन दूसरे देशों के साथ समानता और पारस्परिक लाभ के आधार पर व्यापार करता है. उन्होंने अमेरिकी कदम को ऐसी ‘लॉन्ग-आर्म ज्यूरिस्डिक्शन’ बताया, जिसे अंतरराष्ट्रीय कानून या संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अनुमति हासिल नहीं है.

रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल चीन का रूस से तेल और गैस आयात 64 अरब डॉलर का था. इस साल जनवरी से अगस्त के बीच यह आंकड़ा 70 अरब डॉलर से अधिक पहुंच गया.

क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि नए अमेरिकी प्रतिबंध लागू होने पर यूक्रेन युद्ध के समाधान के प्रयास और कठिन हो सकते हैं. रूस ने इस कदम को ‘गैर-दोस्ताना’ कार्रवाई बताया है. विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने अमेरिकी नीति को ‘टैरिफ डिप्लोमेसी’ कहा. अब इस मामले में अंतिम निर्णय राष्ट्रपति ट्रंप के रुख पर निर्भर करेगा.