वॉशिंगटन में अमेरिकी सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंथल ने भारत और चीन से रूसी तेल व गैस की खरीद घटाने को कहा है. अमेरिकी प्रतिनिधि सभा द्वारा रूस पर नए प्रतिबंधों से जुड़ा विधेयक पारित किए जाने के बाद उन्होंने दोनों देशों से “अपना रवैया सुधारने” और ऊर्जा कहीं और से खरीदने की अपील की.
‘Lindsey O. Graham Sanctioning Russia and Iran Act of 2026’ नामक विधेयक प्रतिनिधि सभा में 262-159 मतों से पारित हुआ. प्रस्ताव में रूस से तेल या प्राकृतिक गैस खरीदने वाले शीर्ष पांच आयातकों पर 100 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रावधान है. हालांकि, इसे लागू करने से पहले विधेयक को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास भेजा जाएगा.
प्रस्ताव में रूसी अधिकारियों, बैंकों और रूसी ऊर्जा की ढुलाई करने वाले ‘शैडो फ्लीट’ टैंकरों पर कार्रवाई का भी उल्लेख है.
भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि नई दिल्ली अपनी ऊर्जा सुरक्षा के लिए अलग-अलग विक्रेताओं से बाजार-आधारित खरीद जारी रखेगा. मंत्रालय के अनुसार, भारत ने अमेरिका को संभावित कदमों से द्विपक्षीय संबंधों और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार पर पड़ने वाले असर के बारे में अवगत कराया है. भारत ने अपने व्यापारिक और आर्थिक हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात भी कही है.
