उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के पीछे मध्य प्रदेश और उससे सटे छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन प्रमुख मौसम तंत्र बताया जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, इस प्रणाली के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी.
रविवार सुबह तक 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में 45.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. इस अवधि का सामान्य दैनिक औसत 1.8 मिलीमीटर है. यानी दर्ज बारिश सामान्य औसत से करीब 25 गुना अधिक रही.
मौसम विभाग ने 26 सितंबर को उत्तर प्रदेश के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई थी. पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए जारी चेतावनियों में 26 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश तथा 27 सितंबर को भारी या बहुत भारी बारिश का अनुमान दिया गया था.
मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, डिप्रेशन कमजोर पड़ने के बाद उत्तर प्रदेश के मध्य हिस्सों की ओर बढ़ा. इसके असर से बारिश का दौर बना रहा. हालांकि 28 और 29 सितंबर के लिए पूर्वी तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोई भारी बारिश चेतावनी जारी नहीं की गई थी.
