उत्तर प्रदेश में मकान, दुकान और अन्य संपत्तियों के किराया समझौतों का पंजीकरण अब पहले के मुकाबले सस्ता होगा. राज्य कैबिनेट ने 10 साल तक की अवधि वाले रेंट और लीज एग्रीमेंट के लिए स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन शुल्क का नया ढांचा मंजूर किया है.

नई दरों के तहत एक साल तक के समझौते में सालाना ₹2 लाख तक के किराये पर ₹1,000 स्टांप ड्यूटी और ₹1,000 रजिस्ट्रेशन शुल्क लगेगा. यानी कुल खर्च ₹2,000 होगा. पहले इसी श्रेणी में दोनों शुल्क मिलाकर करीब ₹10,000 तक लागत आती थी.

एक साल से अधिक और पांच साल तक की अवधि के लिए इसी किराया श्रेणी में स्टांप ड्यूटी ₹2,000 होगी, जबकि पांच साल से अधिक और 10 साल तक के समझौते पर यह ₹4,000 रहेगी. दोनों मामलों में रजिस्ट्रेशन शुल्क भी स्टांप ड्यूटी के बराबर होगा.

सालाना ₹2 लाख से ₹6 लाख तक के किराये पर अवधि के अनुसार स्टांप ड्यूटी ₹3,000, ₹6,000 और ₹8,000 होगी. ₹6 लाख से ₹10 लाख तक के किराये पर यह ₹4,500, ₹10,000 और ₹13,000 रहेगी. ₹10 लाख से अधिक किराये में रियायत पहले ₹10 लाख तक लागू होगी. टोल और खनन लीज इस व्यवस्था में शामिल नहीं हैं.