उत्तराखंड सरकार ने राज्य में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 10 IAS और 20 PCS अधिकारियों का तबादला किया है. बदलाव के तहत कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारी (CDO), अपर जिलाधिकारी (ADM) और नगर आयुक्तों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं.

फेरबदल में देहरादून, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, चमोली और उत्तरकाशी समेत कई जिलों के अधिकारियों की पोस्टिंग बदली गई है. पर्यटन, पंचायती राज, शहरी विकास और कुंभ मेला प्रशासन से जुड़े विभागों में भी नई तैनातियां की गई हैं.

देहरादून और पिथौरागढ़ में बदलाव

देहरादून के CDO पद पर तैनात IAS अधिकारी अभिनव शाह को पर्यटन विभाग का अपर सचिव बनाया गया है. उन्हें पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (अपर CEO) की जिम्मेदारी भी दी गई है.

पिथौरागढ़ के CDO दीपक सैनी को देहरादून का नया CDO नियुक्त किया गया है. वहीं, शहरी विकास निदेशालय, देहरादून में अपर निदेशक पद पर कार्यरत प्रवीण कुमार को पिथौरागढ़ का नया CDO बनाया गया है.

कई जिलों में नए CDO

नई पोस्टिंग का इंतजार कर रहीं अनामिका को अल्मोड़ा का CDO नियुक्त किया गया है. रुड़की के संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ को चमोली और देहरादून के पूर्व संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद को उत्तरकाशी का नया CDO बनाया गया है.

उधम सिंह नगर की पूर्व संयुक्त मजिस्ट्रेट आशिमा गोयल को हलद्वानी नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है. पौड़ी में संयुक्त मजिस्ट्रेट रहीं IAS अधिकारी गौरी प्रभात का तबादला रुड़की कर दिया गया है, जबकि रानीखेत की पूर्व संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी को काशीपुर का नया संयुक्त मजिस्ट्रेट बनाया गया है.

कृषि और कृषक कल्याण विभाग की अपर सचिव निधि यादव को पंचायती राज निदेशक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है. वह अपर सचिव कृषि और कृषक कल्याण के पद पर बनी रहेंगी.