मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उत्तराखंड को वर्ष 2047 तक विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया है. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है.
गैरसैंण में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुपूरक बजट को राज्य की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों से जोड़कर बताया. इसके लिए 7,844.18 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. इसमें 4,164.32 करोड़ रुपये पूंजीगत मद और 3,679.86 करोड़ रुपये राजस्व मद के लिए रखे गए हैं.
बजट में स्थानीय निकायों की हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए 721 करोड़ रुपये, किसानों से धान और गेहूं खरीद के लिए 1,100 करोड़ रुपये तथा जल जीवन मिशन के लिए 300 करोड़ रुपये का प्रावधान बताया गया है. स्वास्थ्य क्षेत्र में अटल आयुष्मान योजना के लिए 100 करोड़ रुपये और कर्मचारियों की गोल्डन कार्ड योजना के लिए 125 करोड़ रुपये रखे गए हैं.
धामी ने कहा कि सरकार का जोर रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, आपदा प्रबंधन और आधारभूत ढांचे के विकास पर है. उन्होंने विकास के साथ उत्तराखंड की संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देने की बात कही.
