उत्तराखंड में शुक्रवार, 9 अक्टूबर को सुबह 11 बजे भूकंप का सायरन बजाया जाएगा. यह किसी वास्तविक भूकंप का संकेत नहीं होगा, बल्कि राज्य की भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के परीक्षण और लोगों को जागरूक करने के लिए किया जा रहा अभ्यास है. आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने लोगों से इस दौरान घबराने या भ्रमित होने से बचने की अपील की है.
परीक्षण के दौरान राज्य में लगाए गए सायरन और सेंसरों की कार्यप्रणाली जांची जाएगी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड में फिलहाल इस प्रणाली के तहत 169 सेंसर और 112 सायरन लगाए गए हैं. परीक्षण में यदि किसी स्थान पर सायरन या सिस्टम से जुड़ी तकनीकी समस्या सामने आती है, तो उसे ठीक कराया जाएगा, ताकि वास्तविक आपदा के समय चेतावनी व्यवस्था प्रभावी ढंग से काम कर सके.
भूदेव ऐप पर भी मिलेगा परीक्षण अलर्ट
सायरन परीक्षण के साथ भूदेव मोबाइल ऐप के उपयोगकर्ताओं को उनके फोन पर परीक्षण चेतावनी संदेश, वाइब्रेशन और बीप-बीप की आवाज मिलेगी. प्रशासन ने लोगों से ऐप का अपडेटेड वर्जन इंस्टॉल या अपडेट रखने और उसे लोकेशन की अनुमति देने को कहा है. इसका उद्देश्य वास्तविक भूकंप की स्थिति में लोगों तक समय पर चेतावनी पहुंचाना है.
राज्य में भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली को और मजबूत करने की योजना भी बताई गई है. सायरन और सेंसरों की संख्या दोगुनी करने की दिशा में काम चल रहा है. इसके अलावा करीब 5 से 10 किलोमीटर के अंतराल पर सेंसर और सायरन लगाने का प्रस्ताव है. उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और IIT रुड़की के सहयोग से अतिरिक्त सेंसर लगाने की योजना भी आगे बढ़ाई जा रही है.
अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार का अभ्यास लोगों को सायरन की आवाज से परिचित कराने और उन्हें वास्तविक भूकंप के समय जरूरी सावधानी बरतने के लिए तैयार करने के उद्देश्य से किया जा रहा है.
