उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और कांग्रेस ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं. बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में होगी. वहीं, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा 17 से 22 नवंबर तक राज्य के छह दिवसीय दौरे पर रहेंगी.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बीजेपी की दो दिवसीय बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर चर्चा होगी. बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की जानकारी सामने आई है. प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन, बांसुरी स्वराज, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा के भी मौजूद रहने की बात कही गई है.
बीजेपी की बैठक में बूथ स्तर पर जोर
21 नवंबर को संयुक्त मोर्चा कार्यसमिति की बैठक प्रस्तावित है. इसमें युवा, महिला और किसान मोर्चों सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी. शाम को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी. 22 नवंबर को विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति में 2027 के चुनाव की रणनीति पर मंथन किया जाएगा. हरिद्वार जिले की कमजोर विधानसभा सीटों पर संगठन मजबूत करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर विशेष जोर रहेगा.
कांग्रेस प्रभारी का छह दिवसीय कार्यक्रम
कुमारी सैलजा टनकपुर, लोहाघाट, पिथौरागढ़, बेरीनाग, बागेश्वर और थराली में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें और जनसभाएं करेंगी. 18 नवंबर को लोहाघाट में जनसभा और पिथौरागढ़ में हस्ताक्षर अभियान में शामिल होने का कार्यक्रम है. 21 नवंबर को थराली में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के साथ कार्यकर्ताओं से संवाद और 22 नवंबर को देहरादून में वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक प्रस्तावित है.
