उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई. मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, सूची में अब कुल 71,58,949 मतदाता हैं. यह संख्या 8 जून 2026 को SIR शुरू होने के समय दर्ज 79,60,762 मतदाताओं से 8,01,813 कम है.
14 जुलाई को जारी प्रारूप मतदाता सूची में 71,33,785 नाम शामिल थे. दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया के बाद अंतिम सूची में 1,29,872 नए मतदाता जोड़े गए, जबकि 1,04,708 नाम नियमों के तहत हटाए गए. प्रारूप सूची में दर्ज संख्या की तुलना में अंतिम सूची में 25,164 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है.
अंतिम सूची में 37,37,701 पुरुष, 34,21,036 महिलाएं और 212 तृतीय लिंग मतदाता हैं. इसमें 18-19 वर्ष आयु वर्ग के 72,656 और 80 वर्ष से अधिक आयु के 1,22,892 मतदाता शामिल हैं.
नाम छूटे पात्र लोग Form 6 के जरिए ऑनलाइन या अपने बूथ स्तर अधिकारी के माध्यम से नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं. निर्वाचन अधिकारियों को ऐसे मतदाताओं की पहचान और सहायता के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं.
