उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को एक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल बताए गए हैं. हादसा रिखणीखाल ब्लॉक में सिद्धखाल-कलवाड़ी-सतपुली मार्ग पर कलवाड़ी बैंड के पास हुआ.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एक ईको कार नियंत्रण खोने के बाद करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. दुर्घटना में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. कार में कुल 12 लोग सवार थे. मृतकों में सात महिलाएं और कार चालक शामिल हैं. वाहन मालिक अनिल देवराड़ा ही कार चला रहे थे और उनकी भी हादसे में मौत हुई.

बताया गया है कि कार में सवार महिलाएं एक ही गांव की रहने वाली थीं और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी थीं. वे सिद्धखाल से ‘बैंणी-भुली’ योजना के फॉर्म भरकर अपने गांव भगलवाण लौट रही थीं.

हादसे की सूचना के बाद पुलिस, प्रशासन और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. कलवाड़ी गांव के लोगों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया. सभी शवों को खाई से बाहर निकाल लिया गया है. घायलों का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, रिखणीखाल में चल रहा है.

लैंसडाउन थाने की क्षेत्राधिकारी अस्मिता के अनुसार, हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है और चार लोग घायल हैं. प्रधानमंत्री ने भी दुर्घटना पर दुख जताया है.