उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हुई. केदारनाथ और रुद्रनाथ में भी ओलावृष्टि के साथ हल्की बर्फबारी दर्ज की गई. इसके बाद पहाड़ी इलाकों में तापमान गिरा और ठंड बढ़ गई. रिपोर्ट के अनुसार, केदारनाथ में सुबह का तापमान -2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मध्य प्रदेश में 21 सितंबर तक बारिश का अनुमान

मध्य प्रदेश के भोपाल, सीहोर और देवास में गुरुवार को तेज बारिश हुई. मौसम विभाग के हवाले से बताया गया है कि राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून अंतिम चरण में है और सितंबर के अंतिम सप्ताह से इसकी विदाई शुरू हो सकती है. 21 सितंबर तक बारिश और आंधी का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है.

उत्तर प्रदेश में तेज हवाएं, बिहार में येलो अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश जारी रही. कानपुर में करीब आधे घंटे तक 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिसके बाद भारी बारिश हुई. कई पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए. बरेली में करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चली, जिससे कई पेड़ उखड़ गए.

बिहार में मौसम विभाग ने 13 जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. राज्य के ज्यादातर हिस्सों में उमस रहने की संभावना है. रिपोर्ट में कहा गया है कि बाढ़ से अब तक करीब 50 लाख लोग प्रभावित हुए हैं.