उत्तराखंड में भाजपा ने विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रमुखता से सामने रखा. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दावा किया कि प्रदेश में 3.5 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं.
रिपोर्ट कार्ड के मुताबिक, 5.19 लाख महिलाएं 70,767 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है. सरकार ने एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत 75 प्रतिशत तक सहायता देने की बात भी कही है.
महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी संस्थाओं में 35 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने को भी उपलब्धि के रूप में गिनाया गया. नंदा गौरा योजना के तहत करीब तीन लाख बेटियों को 968 करोड़ रुपये की सहायता देने का दावा किया गया है.
रिपोर्ट कार्ड में 2.5 लाख एकल महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता और अंत्योदय परिवारों को साल में तीन मुफ्त LPG सिलेंडर रिफिल देने का भी उल्लेख है. बैणी-भुली योजना के तहत पांच लाख महिलाओं को प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान बताया गया है. ये आंकड़े सरकार और भाजपा की ओर से प्रस्तुत दावे हैं.
