उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक इनोवा कार करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिरकर भागीरथी नदी में जा गिरी. हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल है. कार में सवार दो महिलाएं अभी लापता बताई जा रही हैं.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह गंगनानी क्षेत्र में धारा कुंड के पास हुआ. घटना का समय करीब 7 बजे से 7:21 बजे के बीच बताया गया है. कार गंगनानी से डबराणी की ओर जा रही थी और हरिद्वार से किराये पर लेकर यात्री गंगोत्री धाम जा रहे थे. पुलिस के अनुसार, वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरा और नदी में समा गया.

मृतकों में सूरत निवासी अशोकबेन पटेल (49), उनकी बेटी रुतिका पटेल (19), घनश्यामभाई सरवालिया (32) और चालक सुरेंद्र सिंह शामिल हैं. घायल युवक की पहचान वेदांत अशोकभाई पटेल के रूप में हुई है. लापता महिलाओं के नाम सुधाबेन पटेल (45) और किरणबेन पटेल (34) बताए गए हैं.

नदी में तलाश अभियान जारी

सूचना मिलने के बाद पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), 108 आपात सेवा और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं. बचाव दल ने घायल युवक को नदी से निकालकर सड़क तक पहुंचाया. उसे बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से उच्च चिकित्सा केंद्र भेजने की तैयारी की जा रही थी.

बचाव दल ने नदी किनारे से चार शव बरामद किए हैं. तेज बहाव और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के कारण दोनों लापता महिलाओं की तलाश चुनौतीपूर्ण बनी हुई है. प्रशासन ने आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा टीम को अलर्ट पर रखा है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.