उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी. हादसा गंगनानी धारा कुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर हुआ.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. चारों के शव नदी किनारे से बरामद किए जा चुके हैं. एक घायल व्यक्ति को बचाकर अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोगों की तलाश जारी है.
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं ने हादसे की पुष्टि की. सूचना मिलने के बाद पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें घटनास्थल पर भेजी गईं. बचाव दल नदी में संभावित रूप से गिरे लोगों की तलाश कर रहे हैं.
अधिकारियों के मुताबिक, इनोवा में कुल सात लोग सवार बताए जा रहे थे. इनमें छह लोग गुजरात के रहने वाले थे, जबकि चालक उत्तराखंड का निवासी बताया गया है.
हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. पुलिस और बचाव दल मौके पर अभियान में जुटे हैं. रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट होने की उम्मीद है.
