भारतीय रेलवे ने वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ट्रेनों में तत्काल कोटा और डायनेमिक या फ्लेक्सी-फेयर प्राइसिंग लागू नहीं करने की जानकारी दी है. यात्रियों को इन ट्रेनों में बर्थ की बुकिंग केवल एडवांस रिजर्वेशन पीरियड के दौरान सामान्य कोटे से करनी होगी. रेलवे के मुताबिक, इस व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों को पहले से यात्रा की योजना बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है.
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने मीडिया को बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में तत्काल कोटा नहीं रखा गया है. उनके अनुसार, सभी बर्थ सामान्य कोटे में उपलब्ध होंगी, ताकि अधिक यात्री पहले से रिजर्वेशन करा सकें.
ट्रेन में चढ़ने के लिए कन्फर्म टिकट जरूरी
रेलवे बोर्ड के नियमों के मुताबिक, केवल कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को ही वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस में यात्रा की अनुमति होगी. आरएसी, वेटिंग लिस्ट या आंशिक रूप से कन्फर्म टिकट वाले यात्री ट्रेन में सवार नहीं हो सकेंगे.
फिलहाल देश में वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की तीन जोड़ी संचालित बताई गई हैं. इनमें 27575/27576 हावड़ा-कामाख्या-हावड़ा, 27421/27422 वाराणसी-नई दिल्ली-वाराणसी और 27651/27652 एसएमवीटी बेंगलुरु-सीएसएमटी मुंबई-एसएमवीटी बेंगलुरु ट्रेनें शामिल हैं.
रद्दीकरण पर कितना रिफंड मिलेगा
प्रस्थान से 72 घंटे से अधिक पहले टिकट रद्द कराने पर किराये का 25 प्रतिशत शुल्क काटकर शेष राशि लौटाई जाएगी. 72 घंटे से 8 घंटे पहले रद्दीकरण पर 50 प्रतिशत शुल्क कटेगा. प्रस्थान से 8 घंटे से कम समय पहले रद्द किए गए टिकट पर रिफंड नहीं मिलेगा.
वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें BEML ने Integral Coach Factory की तकनीक के आधार पर विकसित की हैं. प्रत्येक ट्रेन में 16 कोच हैं—11 एसी 3-टियर, 4 एसी 2-टियर और 1 फर्स्ट एसी. कुल यात्री क्षमता 823 बताई गई है.
