वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के पास शनिवार को सुरक्षाकर्मियों ने एक युवक को संदिग्ध मानकर रोका. उसके पास सब्जी काटने वाला चाकू मिला था. पुलिस के अनुसार, युवक अन्नपूर्णा मंदिर के अन्न क्षेत्र की ओर जा रहा था, जहां उसे निशुल्क भोजन मिलने की उम्मीद थी.

पुलिस ने युवक की पहचान शाहिद जमाल सातपोखरी के रूप में बताई है. वह मुगलसराय, चंदौली का निवासी है और मजदूरी करता है. पूछताछ में उसने बताया कि वह शादी-पार्टियों में सब्जी और नॉनवेज काटने का काम भी करता है. शनिवार सुबह वह काम की तलाश में पैदल घर से निकला था, लेकिन कई घंटे तक उसे काम नहीं मिला. उसके पास पैसे भी नहीं थे और भूख लगने पर वह लोगों से रास्ता पूछते हुए अन्न क्षेत्र तक पहुंचा.

कई स्तरों पर हुई जांच

चाकू दिखाई देने पर सुरक्षाकर्मियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद युवक को दशाश्वमेध थाने ले जाया गया. दशाश्वमेध एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी के मुताबिक, पुलिस ने उससे विस्तार से पूछताछ की और आसपास के CCTV फुटेज की जांच की. उसके घर तथा स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई गई.

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए IB, इंटेलिजेंस, LIU, ATS और CRPF की इंटेलिजेंस यूनिट ने भी पूछताछ की. पुलिस ने युवक के मोबाइल का CDR, CCTNS और DCRB रिकॉर्ड भी जांचा.

पुलिस के अनुसार, अब तक युवक की गतिविधियों को किसी आपराधिक मामले या साजिश से जोड़ने वाला कोई तथ्य सामने नहीं आया है. उसका कोई आपराधिक इतिहास भी नहीं मिला. हालांकि, मंदिर क्षेत्र की संवेदनशीलता के कारण स्थानीय स्तर पर सतर्कता और जांच जारी है.