प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन से एक दिन पहले वाराणसी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विशेष यज्ञ-हवन किया. कामना पूर्ण हनुमान मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन कुंड में आहुतियां दी गईं. कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के लिए प्रार्थना की.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आयोजन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए. हवन और पूजन के दौरान मंदिर परिसर मंत्रोच्चार से गूंजता रहा. धार्मिक अनुष्ठान के बाद प्रधानमंत्री के कटआउट को प्रतीकात्मक रूप से मिठाई खिलाई गई. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं.
भाजपा नेता ने बताई आयोजन की वजह
बीजेपी काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि हवन-पूजन के जरिए प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ रहने की कामना की गई. उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के विकास की भी कामना व्यक्त की.
नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मनाएंगे. वाराणसी उनका संसदीय क्षेत्र है. जन्मदिन से एक दिन पहले हुए इस आयोजन में हवन, मंत्रोच्चार और प्रसाद वितरण के जरिए प्रधानमंत्री के लिए मंगलकामनाएं की गईं.
