वाराणसी में हेरिटेज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के 40 वर्षीय यूरोलॉजिस्ट डॉक्टर गौतम शुभंकर शनिवार रात अपने कैंपस स्थित आवास में मृत मिले. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह अस्पताल परिसर के आवास नंबर 802 में अकेले रहते थे. पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
रिपोर्ट के मुताबिक, डॉक्टर ने शनिवार को ओपीडी में मरीजों की जांच की थी. इसके बाद वह अपने कमरे में चले गए. रात करीब 10 बजे तक वह कैंटीन में खाना खाने नहीं पहुंचे और कमरे का दरवाजा भी बंद रहा. इस पर सुरक्षा गार्ड ने अस्पताल के कर्मचारियों को सूचना दी. सहकर्मियों ने मोबाइल पर कई बार संपर्क करने और दरवाजा खटखटाने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद खिड़की से देखने पर डॉक्टर कमरे के भीतर दिखाई दिए और पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस की शुरुआती जांच
पुलिस की प्रारंभिक जांच में डॉक्टर और उनकी पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आने की रिपोर्ट है. बताया गया है कि घटना से पहले दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी. हालांकि, इसे मौत का अंतिम कारण नहीं माना जा सकता. पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.
सहकर्मियों के हवाले से रिपोर्ट्स में कहा गया है कि डॉक्टर पिछले कुछ दिनों से परेशान नजर आ रहे थे और उनके व्यवहार में बदलाव आया था.
डॉक्टर गौतम शुभंकर पिछले तीन वर्षों से संस्थान में यूरोलॉजिस्ट के रूप में कार्यरत थे. वह बिहार के रहने वाले थे और उन्होंने दिल्ली स्थित AIIMS से पढ़ाई की थी. उनके विवाह को करीब पांच वर्ष हुए थे. घटना की जानकारी परिवार को दे दी गई है और परिजन पटना से वाराणसी के लिए रवाना हुए.
