तमिलनाडु के वेल्लोर जिले में गुरुवार को निर्माणाधीन चर्च की छत का स्लैब गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए. हादसा कटपाडी के पास मंडी कृष्णापुरम में हुआ, जहां मजदूर चर्च की छत पर कंक्रीट डालने का काम कर रहे थे.

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, कंक्रीट डालने के दौरान करीब 20 फीट ऊंचा स्टील मचान और सपोर्ट फ्रेमवर्क अचानक ढह गया. इसके बाद मजदूर भारी कंक्रीट और मलबे के नीचे दब गए. निर्माणाधीन इमारत चर्च ऑफ साउथ इंडिया के लिए बनाई जा रही थी.

घायलों को एंबुलेंस से वेल्लोर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल, क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल और पड़ोसी आंध्र प्रदेश के चित्तूर स्थित एक अस्पताल में भेजा गया. वेल्लोर की जिला कलेक्टर पीएस लीला एलेक्स ने मौके पर राहत और बचाव अभियान की निगरानी की. उन्होंने बताया कि कम से कम आठ मजदूरों की हालत स्थिर है.

NDRF ने चलाया बचाव अभियान

हादसे के बाद अरक्कोनम से नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) की टीम मौके पर पहुंची. NDRF ने जिला प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला.

कलेक्टर ने कहा कि ढांचा गिरने की सही वजह पता लगाने के लिए प्रशासन एक समिति बनाएगा. समिति यह भी जांचेगी कि निर्माणकर्ता के पास चर्च की इमारत के लिए जरूरी मंजूरियां और बिल्डिंग परमिट थे या नहीं.