वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले झारखंड के दो योग प्रशिक्षकों के शव शनिवार सुबह राज्य पहुंचने की उम्मीद है. अधिकारियों के अनुसार, शव शुक्रवार शाम तक कोलकाता पहुंच सकते हैं. इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से झारखंड ले जाया जाएगा.

मृतकों की पहचान रांची निवासी 24 वर्षीय राजा कुमार और जमशेदपुर निवासी 25 वर्षीय विनय कुमार राय के रूप में हुई है. दोनों वियतनाम के दा लाट शहर स्थित आदि योग अकादमी में योग प्रशिक्षक के तौर पर काम करते थे. 25 सितंबर को उनकी दोपहिया वाहन की एक कार से टक्कर हो गई थी, जिसमें दोनों की मौत हो गई.

परिजनों ने बताया कि शवों को भारत लाने का खर्च वहन करना उनके लिए मुश्किल था. इसके बाद वियतनाम में रह रहे उनके दोस्तों और भारतीय समुदाय के सदस्यों ने मिलकर राशि जुटाई, जिससे शवों को भारत लाने की प्रक्रिया संभव हो सकी.

झारखंड सरकार ने दोनों मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है. यह राशि शवों के राज्य पहुंचने के बाद दिए जाने की बात कही गई है.

राजा के पिता उमेश वर्मा बिजली मिस्त्री हैं. उन्होंने बताया कि उनका बेटा वियतनाम में काम करके परिवार की आर्थिक मदद करता था. परिवार को 25 सितंबर को दुर्घटना में उसकी मौत की जानकारी मिली थी. राजा करीब दो-तीन महीने पहले रांची आया था.

विनय के पिता रमेश राय ने बताया कि परिवार अंतिम संस्कार के लिए शव का इंतजार कर रहा है. उनके अनुसार, विनय करीब दो साल पहले वियतनाम गया था.