तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और TVK प्रमुख सी. जोसेफ विजय सोमवार, 16 नवंबर को नई दिल्ली में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के संस्मरण ‘Belonging: A Journey of Love’ के औपचारिक विमोचन में शामिल होंगे. कार्यक्रम शाम करीब 6:30 बजे आयोजित किया जाना है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विजय को सोनिया गांधी ने व्यक्तिगत निमंत्रण दिया है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी फोन पर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था. यह संस्मरण 10 नवंबर को प्रकाशित हो चुका है और इसमें सोनिया गांधी के निजी जीवन, भारत आने और राजनीति में प्रवेश से जुड़े अनुभवों का उल्लेख है.
विजय का दिल्ली दौरा कावेरी जल बंटवारे और प्रस्तावित मेकेदातु बांध को लेकर तमिलनाडु-कर्नाटक विवाद के बीच हो रहा है. कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले नेताओं में हैं. हालांकि, विजय और शिवकुमार के बीच अलग से बैठक होगी या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
तमिलनाडु के विपक्षी नेताओं ने विजय से दिल्ली यात्रा के दौरान कांग्रेस नेतृत्व के सामने मेकेदातु परियोजना का मुद्दा उठाने और राज्य के हितों की पैरवी करने की मांग की है.
