तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया है कि कर्नाटक के प्रस्तावित मेकेदाटु जलाशय परियोजना को सह-नदी बेसिन राज्यों की सहमति के बिना कोई वैधानिक या प्रशासनिक मंजूरी न दी जाए.
विजय ने पत्र में केंद्र सरकार के अधिकारियों के कथित साइट निरीक्षण पर आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि इस कदम से कावेरी डेल्टा के किसानों की चिंता बढ़ी है, जो 2026-27 के जल-वर्ष में पानी की कमी की स्थिति का सामना कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री के अनुसार, कर्नाटक की 67.16 टीएमसी क्षमता वाले जलाशय की योजना से तमिलनाडु की ओर कावेरी जल प्रवाह और सुप्रीम कोर्ट के तय मासिक जल-वितरण पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है. उन्होंने केंद्र से हाल के निरीक्षण से जुड़ी आगे की प्रशासनिक अथवा तकनीकी कार्रवाई स्थगित रखने को कहा.
न्यायिक आदेशों का हवाला
विजय ने मांग की कि जल शक्ति मंत्रालय और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय निचले तटवर्ती राज्यों की सहमति के बिना परियोजना पर साइट निरीक्षण, तकनीकी मूल्यांकन या मंजूरी की प्रक्रिया आगे न बढ़ाएं. उन्होंने कावेरी जल विवाद न्यायाधिकरण के अंतिम निर्णय और 16 फरवरी 2018 के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुरूप कार्रवाई पर जोर दिया.
तमिलनाडु विधानसभा जून में परियोजना को मंजूरी न देने का सर्वसम्मत प्रस्ताव भी पारित कर चुकी है.
