वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी VinFast भारतीय बाजार के लिए दो नई इलेक्ट्रिक कारों पर काम कर रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन दोनों मॉडल्स को भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा. कंपनी इनमें से एक कार की कीमत 12,000 डॉलर यानी करीब 10 लाख रुपये से कम रखने की योजना बना रही है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों अपकमिंग इलेक्ट्रिक कारों का कोडनेम VF X और VF Y है. इनका विकास अभी शुरुआती चरण में है और प्रोडक्शन तक पहुंचने से पहले कंपनी अपनी योजना में बदलाव कर सकती है. VinFast ने इन मॉडल्स को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है.

भारतीय जरूरतों के हिसाब से होगा विकास

कंपनी नए मॉडल्स के लिए भारतीय कंपोनेंट सप्लायर्स से बातचीत शुरू कर चुकी है. इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर ज्यादा कंपोनेंट्स का इस्तेमाल करना और भारत में उत्पादन लागत को नियंत्रित रखना है. नए वाहन भारतीय बाजार की जरूरतों और प्रतिस्पर्धी कीमत को ध्यान में रखकर तैयार किए जाएंगे.

इनमें VF X को खास तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है. रिपोर्ट्स के अनुसार, इसका आकार VF 3 और VF 6 के बीच हो सकता है. यह एक कॉम्पैक्ट कार होगी, जिसमें VF 3 की तुलना में ज्यादा इंटीरियर स्पेस मिलने की उम्मीद है. अगर इसकी कीमत 10 लाख रुपये से कम रखी जाती है, तो भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Tata Motors की इलेक्ट्रिक कारों से होगा.

यह रणनीति VinFast की पहले की योजना से अलग है. कंपनी पहले भारत में VF 3, VF 6 और VF 7 का स्थानीय उत्पादन करने की तैयारी कर रही थी. अब इंटरनेशनल मॉडल्स के भारत में उत्पादन की योजना रद्द किए जाने की जानकारी सामने आई है. फिलहाल VF 6 और VF 7 को भारत में CKD रूट से लाकर तमिलनाडु स्थित प्लांट में असेंबल किया जाता है.