पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग अब क्रिकेट के मैदान के बाहर एक नए अंदाज में नजर आएंगे. वह रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ के दूसरे सीजन को होस्ट करेंगे. यह स्ट्रीमिंग की दुनिया में बतौर होस्ट उनका डेब्यू होगा.

शो के निर्माताओं ने नए सीजन की पहली झलक जारी की है. प्रोमो में सहवाग अपने सीधे-सपाट अंदाज और बेबाक ह्यूमर के साथ कंटेस्टेंट्स के पावर गेम पर नजर रखते दिखाई देते हैं. शो का फॉर्मेट इस विचार पर आधारित है कि हालात और ताकत का संतुलन कभी भी बदल सकता है.

दो समूहों में बंटेंगे 15 सेलिब्रिटी

‘राइज एंड फॉल 2’ में कुल 15 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स हिस्सा लेंगे. इन्हें ‘रूलर्स’ और ‘वर्कर्स’ नाम के दो समूहों में बांटा जाएगा. रूलर्स को पेंटहाउस में रहने की सुविधा मिलेगी, जबकि वर्कर्स बेसमेंट में रहेंगे.

हालांकि, कंटेस्टेंट्स की स्थिति स्थायी नहीं होगी. उनके फैसले, रणनीति और गठजोड़ के आधार पर समूह बदल सकते हैं. यानी पेंटहाउस में रहने वाला प्रतिभागी आगे चलकर बेसमेंट में पहुंच सकता है और इसके उलट भी स्थिति बन सकती है.

शो में पावर, पैसा और बदलते गठजोड़ गेम का अहम हिस्सा होंगे. इसका मूल फॉर्मेट ब्रिटेन की प्रोडक्शन कंपनी Studio Lambert ने तैयार किया था. भारत में इसका निर्माण Banijay Asia कर रहा है.

Prime Video और MX Player पर स्ट्रीमिंग

‘राइज एंड फॉल’ का दूसरा सीजन Prime Video और MX Player Android ऐप पर स्ट्रीम किया जाएगा. MX Player को अब Prime Video के MX Player के तौर पर रिफ्रेश किया गया है. शो के प्रीमियर की सटीक तारीख अभी घोषित नहीं की गई है.