आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में सोमवार रात हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (HPCL) की तेल रिफाइनरी के परिसर में आग लग गई. घटना के बाद आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
विशाखापट्टनम के पुलिस कमिश्नर शंखब्रत बागची ने बताया कि HPCL परिसर में आग लगी थी और हादसे में किसी की जान नहीं गई. घटनास्थल से सामने आए वीडियो में आग की ऊंची लपटें और घना धुआं दिखाई दे रहा है.
मलकापुरम के सर्किल इंस्पेक्टर ई. नरसिम्हा राव के मुताबिक, आग HPCL के पिच प्लांट में लगी थी. उन्होंने बताया कि फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन HPCL के दमकलकर्मी अपनी गाड़ियों से इसे पूरी तरह बुझाने का काम कर रहे हैं.
पुलिस के अनुसार, घटना में अभी तक किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है. अधिकारी ने यह भी कहा कि बाहर से दमकल की गाड़ियां बुलाने की जरूरत नहीं पड़ी, क्योंकि HPCL की अपनी दमकल इकाइयां आग बुझाने में जुटी हैं.
आग लगने की सही वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. पुलिस के मुताबिक, ऑयल मार्केटिंग कंपनी की ओर से घटना के कारणों की पुष्टि की जानी बाकी है.
