प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ‘विकसित भारत इनिशिएटिव फॉर स्टैटिस्टिकल ट्रांसफॉर्मेशन, एनालिटिक्स एंड रिसर्च’ (VISTAR) योजना को मंजूरी दी है. यह केंद्रीय क्षेत्र की योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक लागू होगी और इसके लिए ₹4,371.10 करोड़ का प्रावधान किया गया है.
योजना का उद्देश्य देश की आधिकारिक सांख्यिकी प्रणाली को अधिक समयबद्ध, विस्तृत और डिजिटल बनाना है. इसके तीन घटक होंगे—व्यापक सांख्यिकीय संचालन एवं इकोसिस्टम सुदृढ़ीकरण, सांख्यिकीय सुदृढ़ीकरण सहायता और आर्थिक गणना.
16वें वित्त आयोग चक्र में 59 सर्वे
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय 16वें वित्त आयोग चक्र में 59 सर्वे कराने का प्रस्ताव रखता है. सरकार के अनुसार, पहले 43 प्रमुख सर्वे किए गए थे. योजना के तहत डेटा संग्रह, सत्यापन और विश्लेषण की प्रक्रियाओं में डिजिटल तकनीक के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मशीन लर्निंग के इस्तेमाल पर भी जोर होगा.
गैर-कृषि प्रतिष्ठानों की होगी गणना
योजना के आर्थिक गणना घटक के तहत राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के सहयोग से आठवीं आर्थिक गणना कराई जाएगी. इसमें ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर तक गैर-कृषि प्रतिष्ठानों तथा उनमें कार्यरत कर्मचारियों से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी. यह आंकड़ा असंगठित क्षेत्र का आकलन करने और राष्ट्रीय सांख्यिकीय बिजनेस रजिस्टर तैयार करने में आधार बनेगा.
योजना के तहत राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की सांख्यिकीय क्षमता मजबूत करने के लिए सहायता देने का भी प्रावधान है.
