मतदाता सूची में नाम नहीं दिखने पर घबराने की जरूरत नहीं है. चुनाव आयोग के अनुसार, पात्र नागरिक अपना नाम दोबारा जुड़वाने के लिए Form 6 के जरिए आवेदन कर सकते हैं. यह आवेदन संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO), सहायक ERO, बूथ लेवल अधिकारी या ऑनलाइन मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से दिया जा सकता है.

चुनाव आयोग के मैनुअल में कहा गया है कि किसी मतदाता का नाम हटाने से पहले संबंधित व्यक्ति को कार्रवाई के खिलाफ अपना पक्ष रखने का उचित अवसर दिया जाना चाहिए. नाम हटाने का आदेश मिलने पर उसकी प्रति और उपलब्ध शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी सुरक्षित रखना उपयोगी होगा.

अपील और दोबारा पंजीकरण का तरीका

मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान ERO के आदेश के खिलाफ जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपील की जा सकती है. लगातार अद्यतन की अवधि में अपील जिला मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, कार्यकारी मजिस्ट्रेट या जिला कलेक्टर के समक्ष की जाती है. इसके बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास आगे अपील का प्रावधान है.

अगर नाम सूची में शामिल नहीं है, तो Form 6 में सही पता और जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन करें. आवेदन की स्थिति और नाम की मौजूदगी आधिकारिक मतदाता सेवा पोर्टल या Voter Helpline App पर भी जांची जा सकती है. मतदान के लिए मतदाता सूची में नाम होना अनिवार्य है.