भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मतदाता सूची में छूटे हुए लोगों, पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और अन्य पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं की मौजूदा स्थिति का सत्यापन करेंगे और पात्र पाए जाने पर फॉर्म 6 के जरिए नाम शामिल कराने में मदद करेंगे.

यह निर्देश राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक के बाद जारी किए गए हैं. विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के गणना चरण में BLO ने अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लिकेट मतदाताओं की सूची तैयार की थी. सूची में नाम शामिल नहीं होने के संभावित कारण भी दर्ज किए गए थे. इन सूचियों को पंचायत भवनों, शहरी स्थानीय निकायों के नोटिस बोर्ड और संबंधित अधिकारियों के कार्यालयों में प्रदर्शित करने के साथ राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के साथ साझा किया गया था.

प्री-SIR और वर्तमान सूची का मिलान

निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ERO) द्वारा दावों और आपत्तियों पर निर्णय के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई. आयोग के निर्देशों के अनुसार BLO अब प्री-SIR मतदाता सूची और वर्तमान सूची की तुलना करेंगे. ऐसे लोगों की बूथवार सूची बनाई जाएगी, जिनका नाम पहले की सूची में था, लेकिन मौजूदा सूची में नहीं है.

BLO घर-घर जाकर इन मतदाताओं की वर्तमान स्थिति का पता लगाएंगे. सूची में प्रत्येक व्यक्ति की स्थिति और फॉर्म 6 भरवाए जाने की जानकारी दर्ज की जाएगी. अभियान के दौरान एक BLO से सप्ताह में कम से कम 20 से 25 मतदाताओं तक पहुंचने की अपेक्षा की गई है, ताकि यह प्रक्रिया लगभग एक महीने में पूरी की जा सके.

घर-घर सत्यापन के दौरान छूटे हुए मतदाताओं और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम जोड़ने के लिए भी फॉर्म 6 भरवाए जाएंगे. BLO अपनी सूची, भरे गए आवेदन और क्षेत्रीय सत्यापन रिपोर्ट ERO को सौंपेंगे. ERO लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और निर्वाचकों का पंजीकरण नियम, 1960 के तहत इन आवेदनों पर कार्रवाई करेंगे.

नामांकन की सुविधा के लिए बूथ स्तर पर शिविर भी लगाए जाएंगे. रैन बसेरों, मजदूर कॉलोनियों, बेघर लोगों और वंचित समूहों के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं. अभियान का प्रचार स्वीप गतिविधियों के जरिए किया जाएगा. इसकी प्रगति की निगरानी मुख्य निर्वाचन अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी और ERO करेंगे.