चुनाव आयोग ने अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव, मिजोरम, ओडिशा और सिक्किम में मतदाता सूची के स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) की घोषणा की है. इस प्रक्रिया का उद्देश्य योग्य नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करना और सूची को अद्यतन करना है.

आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, संशोधित मतदाता सूची का ड्राफ्ट 30 नवंबर को प्रकाशित किया जाएगा. दावों और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची 21 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी.

नए और युवा मतदाताओं पर जोर

पुनरीक्षण के दौरान युवा मतदाताओं और पहली बार मतदान करने वाले नागरिकों को सूची में शामिल करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इसके अलावा, ऐसे लोग जो 1 अप्रैल, 1 जुलाई या 1 अक्टूबर 2027 को मतदान की आयु पूरी कर पात्र होंगे, वे भी अग्रिम आवेदन कर सकेंगे.

चुनाव आयोग ने संबंधित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को प्रक्रिया के लिए पर्याप्त कर्मचारियों और संसाधनों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है. SSR के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने या अन्य दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगी.