वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जुड़े शिष्य दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत का मामला सामने आया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दीपक ने शुक्रवार सुबह गुरुकृपा कुंज अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी. पुलिस मामले को आत्महत्या से जोड़कर जांच कर रही है.
दीपक मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के गौर क्षेत्र के परसवाड़ा गांव का रहने वाला था. उसके परिजनों के अनुसार, वह पढ़ाई में तेज था और नौकरी की तैयारी कर रहा था. कॉलेज के दौरान उसकी धार्मिक रुचि बढ़ी और नर्मदा परिक्रमा के बाद वह वृंदावन पहुंचा. इसके बाद वह प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जुड़ गया और उसे रसिक दुलारी शरण नाम मिला.
परिवार के सदस्यों ने बताया कि दीपक करीब दो साल से घर नहीं लौटा था. परिजनों का कहना है कि 2024 में आश्रम से जुड़ने के बाद उसका परिवार से संपर्क बहुत कम हो गया था. उनके मुताबिक, दीपक मोबाइल भी नहीं रखता था और परिवार के लोग उससे मिलने के लिए आश्रम के बाहर इंतजार करते रहे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुरुआती जांच में पुलिस ने दीपक के कमरे से एक इलेक्ट्रिक ग्राइंडर बरामद किया है. पोस्टमार्टम में गंभीर चोटों और अधिक रक्तस्राव का उल्लेख होने की बात सामने आई है. हालांकि, मौत की पूरी परिस्थितियां पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी.
परिजन घटना को आत्महत्या मानने को तैयार नहीं हैं और उन्होंने मामले की CBI जांच की मांग की है. पुलिस ने मौके से मिले सामान को कब्जे में लिया है और CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है.
