मथुरा जिले के वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज से जुड़े गुरु कृपा कुंज आश्रम में एक साधु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, साधु चौथी मंजिल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए थे. अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई.
मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी दीपक उर्फ रसिक दुलारी शरण के रूप में हुई है. अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह आश्रम परिसर में रहकर साधना कर रहे थे और संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षित थे.
घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया. अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका सामने आई है, लेकिन मौत की वजह अभी अंतिम रूप से स्पष्ट नहीं है. पुलिस हादसे और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है.
पुलिस को घटना की सूचना अस्पताल से मिली थी. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों को जानकारी दे दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
