यशवंतपुर-कोरबा वेनगंगा एक्सप्रेस के एसी कोच बी-3 में एक नशे में धुत युवक के हंगामे से यात्रियों को करीब चार घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा. घटना चांदाफोर्ट से गोंदिया के बीच की है. युवक को रात करीब पौने 10 बजे गोंदिया स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को सौंपा गया.

जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 12251 में शाम 5.51 बजे के बाद युवक की हरकतें बढ़ने लगीं. वह कोच के दरवाजे की सीढ़ी पर बैठकर पैर बाहर लटका रहा था और यात्रियों से गाली-गलौज व बदसलूकी कर रहा था. हाउसकीपिंग स्टाफ ने उसे समझाकर अगले स्टेशन पर उतरने के लिए कहा, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ.

बर्थ 17 और 18 पर बैठे यात्रियों सिद्धार्थ और प्रशांत ने टीटीई को बताया कि युवक उनका बैग ले गया था. हाउसकीपिंग स्टाफ की मदद से बैग बरामद किया गया. यात्रियों का आरोप था कि युवक बैग को ट्रेन के दरवाजे से बाहर फेंकने की कोशिश कर रहा था.

रात करीब आठ बजे टीटीई और हाउसकीपिंग स्टाफ ने आरपीएफ की मदद से उसे वडसा स्टेशन पर उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह दोबारा ट्रेन में आ गया. इसके बाद उसका व्यवहार और उग्र हो गया. डिप्टी सीटीआई एएस खलको और मुख्य टिकट निरीक्षक एएस मिंज यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आरपीएफ से लगातार संपर्क में रहे.

स्थिति बिगड़ने पर रेलवे स्टाफ और कुछ यात्रियों ने युवक को पकड़कर बाथरूम के पास बैठाया और उसके सिर पर पानी डाला. बाद में उसे पेंट्रीकार तक ले जाया गया. महिला यात्रियों, बच्चों और बुजुर्गों में डर का माहौल बना रहा. यात्रियों के आक्रोश के बावजूद किसी तरह की मारपीट नहीं हुई.