तेलंगाना के वारंगल में गणेश उत्सव के दौरान नोटों से सजी एक प्रतिमा श्रद्धालुओं और आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. शिवारनगर की वसावी कॉलोनी स्थित विनायका ट्रस्ट भवन में चल रहे समारोह में भगवान गणेश को ₹1.93 करोड़ की भारतीय मुद्रा से सजाया गया है.

यह सजावट विशेष धनलक्ष्मी पूजा के तहत की गई है. आयोजकों के अनुसार, पिछले साल प्रतिमा की सजावट में ₹1.51 करोड़ के नोट लगाए गए थे. इस वर्ष इसमें ₹42 लाख और जोड़े गए, जिससे कुल राशि ₹1.93 करोड़ हो गई.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रतिमा के दर्शन के लिए शहरभर से लोग पहुंच रहे हैं. श्रद्धालु आर्थिक समृद्धि, कारोबार में वृद्धि और सौभाग्य की कामना के साथ पूजा कर रहे हैं. आयोजन स्थल पर लक्ष्मी गणपति पूजा, गणपति होमम, अन्नदान और अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं.

नोटों की बड़ी राशि को देखते हुए पंडाल में सुरक्षा बढ़ाई गई है. निगरानी के लिए CCTV कैमरे लगाए गए हैं और निजी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है. ट्रस्ट के अनुसार, वह पिछले 23 वर्षों से गणेश उत्सव और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित कर रहा है.