इस साल देश में मानसून की बारिश सामान्य से 12.6% कम रही. दक्षिण और पूर्वी भारत के कई इलाकों में कम बारिश से खरीफ फसलों को नुकसान पहुंचा है. महाराष्ट्र के 305 और कर्नाटक के 217 तालुका सूखाग्रस्त घोषित किए गए हैं. अब रबी की फसलों पर भी इसका असर दिखाई दे रहा है.

16 अक्टूबर तक रबी की बोनी पिछले साल की तुलना में 26% पीछे थी. खरीफ का कुल रकबा 1,118.9 लाख हेक्टेयर से घटकर 1,103.9 लाख हेक्टेयर रह गया. धान का रकबा 4% और मक्का का रकबा 3% कम हुआ है. केंद्र ने 2026-27 के लिए खाद्यान्न उत्पादन का लक्ष्य 37 करोड़ 39 लाख 30 हजार टन रखा है, जो पिछले साल के वास्तविक उत्पादन से 26.30 लाख टन कम है.

जलाशयों में घटा पानी

केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 22 अक्टूबर को देश के 178 प्रमुख जलाशयों में उनकी कुल क्षमता का 66.70% पानी बचा था. यह स्तर पिछले साल से 26.44% और 10 साल के औसत से 18.43% कम बताया गया है. दक्षिण भारत के जलाशयों में क्षमता का केवल 42.34% पानी बचा था. इससे पेयजल और सिंचाई की उपलब्धता पर दबाव बढ़ने की आशंका है.

पनबिजली उत्पादन सितंबर में 20% घटा. बिजली की मांग और आपूर्ति के बीच 56 करोड़ यूनिट का अंतर रहा, जो अगस्त 2023 के बाद सबसे बड़ा बताया गया है. इससे पीक आवर्स में बिजली आपूर्ति बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है.

सितंबर में थर्मल प्लांटों का उत्पादन 13.3% बढ़ा, लेकिन अप्रैल से सितंबर के बीच कोयला भंडार में 66% की गिरावट दर्ज की गई. 96 बिजली संयंत्रों में तीन दिन से कम का कोयला भंडार बचा था.

सरकार ने 262 जिलों की कृषि योजनाएं अपडेट की हैं. आईसीएआर ने कृषि विज्ञान केंद्रों के लिए अल-नीनो प्रबंधन दिशा-निर्देश जारी किए हैं. 112 थर्मल प्लांटों को अधिकतम उत्पादन और पर्याप्त कोयला भंडार बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं.