देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है. मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों के दौरान मौसम में बदलाव की संभावना है. मंगलवार को इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम समेत 14 जिलों में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

राजस्थान के सवाई माधोपुर में पश्चिमी विक्षोभ के असर से सोमवार तड़के करीब 3 बजे से सुबह 8 बजे तक रुक-रुककर बारिश हुई. इस दौरान कभी हल्की बूंदाबांदी तो कभी तेज बारिश दर्ज की गई. मलारना डूंगर क्षेत्र के टापरी गुर्जर गांव में बिजली गिरने से एक रेलवे कर्मचारी की मौत होने की जानकारी है.

उत्तराखंड में तापमान शून्य से नीचे

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई है. बद्रीनाथ में न्यूनतम तापमान माइनस 8 डिग्री सेल्सियस, केदारनाथ में माइनस 7 डिग्री और गंगोत्री में माइनस 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यमुनोत्री में तापमान 0 डिग्री रहा. मसूरी में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और नैनीताल में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य में मंगलवार को मौसम साफ रहने की संभावना है और बारिश या बर्फबारी का कोई अलर्ट नहीं बताया गया है.

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह, शाम और रात के समय ठंड बढ़ी है. राज्य के 10 शहरों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया.

उत्तर प्रदेश में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. वहीं, गाजीपुर का AQI 276, लखनऊ का 218 और कानपुर का 203 दर्ज किया गया.