बंगाल की खाड़ी में बना दबाव का क्षेत्र 17 नवंबर तक भीषण चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, इसके प्रभाव से तमिलनाडु के उत्तरी तटीय जिलों, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश होने की संभावना है. दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है.
उत्तर प्रदेश में नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से रविवार को पश्चिमी जिलों में मौसम बदला रहा. बरेली, बिजनौर, मेरठ और सहारनपुर में हल्की बूंदाबांदी हुई. मौसम विभाग ने सोमवार से ठंडी पछुआ हवाएं चलने और राज्य के पूर्वी तथा पश्चिमी दोनों हिस्सों में सुबह के समय कोहरा बढ़ने की चेतावनी दी है.
छठ पूजा और दिल्ली की तैयारी
लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने वाले श्रद्धालु सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद अनुष्ठान पूरा करेंगे. दिल्ली में यमुना समेत विभिन्न जलाशयों पर स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी चार दिवसीय पर्व में शामिल हो रही हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन 16 नवंबर को सभी टर्मिनल स्टेशनों से सेवा सुबह 4:30 बजे शुरू करेगा. सामान्य तौर पर सेवाएं सुबह 6 बजे शुरू होती हैं.
प्रधानमंत्री का फिलीपींस दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 से 18 नवंबर तक फिलीपींस की राजधानी मनीला की यात्रा पर रहेंगे. वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे. विदेश मंत्रालय के अनुसार, बैठकों में समुद्री सुरक्षा, रक्षा सहयोग और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने पर भारत का जोर रहेगा. फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर विदेशी मेहमानों के सम्मान में रात्रिभोज आयोजित करेंगे.
बेलारूस के विदेश मंत्री मैक्सिम रिजेनकोव 15 से 18 नवंबर तक भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं. वह 12वीं अंतर-सरकारी आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे. बैठक में व्यापार, अर्थव्यवस्था, विज्ञान, तकनीक और संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा होगी. भारत की ओर से वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद इसमें शामिल होंगे.
संयुक्त राष्ट्र में भारत का विरोध
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने मृत्युदंड पर वैश्विक रोक और अंततः इसे समाप्त करने से जुड़े प्रस्ताव को भारी बहुमत से पारित किया. 193 सदस्यीय महासभा में 133 देशों ने प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया, जबकि भारत समेत 33 देशों ने विरोध में वोट दिया. 16 देश मतदान से अनुपस्थित रहे.
दिल्ली के मोती नगर में कपड़ों के शोरूम में 19 वर्षीय कर्मचारी शबनम की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके बहन के देवर सूरज को गिरफ्तार किया है. परिवार ने आरोप लगाया है कि शादी से इनकार करने पर हत्या की गई. पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की कार्रवाई जारी है.
बांग्लादेश के गोपालगंज में हिंसा और सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचने के बाद जिले के डिप्टी कमिश्नर और पुलिस अधीक्षक का तबादला किया गया है. हालात संभालने के लिए सीमा सुरक्षा बल की छह प्लाटून तैनात की गई हैं.
