15 अक्टूबर को देश के कई हिस्सों में हुई बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है. उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं के कारण ठंड बढ़ी है. इसके विपरीत महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में अक्टूबर के दौरान भी गर्मी बनी हुई है.

दिल्ली में 15 अक्टूबर को हुई तेज बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 16 अक्टूबर को राजधानी में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि 17 से 22 अक्टूबर के बीच दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है.

जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड का पूर्वानुमान

जम्मू-कश्मीर में अगले दो दिनों के दौरान कश्मीर के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. जम्मू क्षेत्र में 16 अक्टूबर को मौसम आम तौर पर शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन कुछ जगहों पर हल्की बारिश संभव है. किसानों को कटी हुई सेब की फसल और धान सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है.

उत्तराखंड में 16 अक्टूबर को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है. 3,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना है.

दक्षिण और महाराष्ट्र में अलग स्थिति

तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे में पूर्वोत्तर मानसून के कारण बारिश जारी है. 21 अक्टूबर तक दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.

महाराष्ट्र में तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है. IMD ने मुंबई के लिए 16 अक्टूबर को हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है.