उत्तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ली है. 15 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई. दोपहर की गर्मी कम हुई है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है.
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ ताजा बर्फबारी हुई है. लाहौल-स्पीति, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और किन्नौर के कई क्षेत्रों में बर्फ गिरी. शिंकू ला, बारालाचा ला, कुंजुम ला, कोकसर, जिस्पा, केलांग और गोंदला में भी बर्फबारी दर्ज की गई. सच पास पर करीब 30 सेंटीमीटर, सुराल घाटी में 7 सेंटीमीटर, गोंदला में 5 सेंटीमीटर और केलांग में 3 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज की गई.
भारी बर्फबारी के कारण सच पास को वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है. गोंदला के पास बर्फ में फंसे करीब 100 वाहनों को पुलिस टीमों ने सुरक्षित बाहर निकाला. मनाली और धर्मशाला में भी तापमान गिरने से स्थानीय लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं. मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में शनिवार तक कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी जारी रहने का अनुमान जताया है.
दिल्ली-एनसीआर में बारिश और ठंडी हवाएं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बादल छाए रह सकते हैं. सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश या बूंदाबांदी और कुछ स्थानों पर गरज-चमक की संभावना है. लगातार तेज बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन बारिश के बाद सुबह और देर शाम ठंडक बढ़ सकती है.
दिल्ली में अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस महीने का अब तक का सबसे कम अधिकतम तापमान और सामान्य से 4.9 डिग्री कम रहा. आने वाले समय में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में बारिश का असर
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में 59.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. पुंछ में 39.5, सांबा और शोपियां में 34-34, बारामूला में 29 तथा कटरा में 23.1 मिलीमीटर बारिश हुई. श्रीनगर में 12 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और ओलावृष्टि की आशंका भी जताई गई है.
उत्तराखंड में देहरादून समेत कई इलाकों में बादल और बारिश का असर रहा. रुद्रप्रयाग में केदारनाथ पैदल मार्ग पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक व्यक्ति घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. राज्य में 18 अक्टूबर तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है.
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अनुमान
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 16 से 18 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. केरल, माहे और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है.
तमिलनाडु के थोगैमलाई में 11 सेंटीमीटर, जबकि नागपट्टिनम और धर्मपुरी में 8-8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. नीलगिरी, कोयंबटूर, थेनी, इरोड, तिरुप्पुर, सलेम, नमक्कल, धर्मपुरी और तिरुवन्नामलाई में अगले दो दिनों के दौरान गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है.
मुंबई में गर्मी और येलो अलर्ट
उत्तर भारत में ठंडक बढ़ने के उलट मुंबई और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है. मौसम विभाग ने 16 अक्टूबर को मुंबई में लू की आशंका के चलते येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विशेषज्ञों ने इसके पीछे समुद्री हवाओं के देर से चलने और गुजरात तथा दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बने एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन को प्रमुख कारण बताया है.
