देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है. मध्यप्रदेश में अक्टूबर के आखिरी सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. गुरुवार को इंदौर के पास हातोद में तेज बारिश हुई, जबकि धार के पीथमपुर में हल्की बारिश दर्ज की गई. अनूपपुर के अमरकंटक में तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन इंदौर संभाग और नर्मदापुरम में बारिश हो सकती है.

हिमाचल प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह, शाम और रात के समय ठंड बढ़ गई है. राज्य के 10 शहरों का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने के कारण तीन दिन बाद तापमान में और गिरावट आने का अनुमान है.

उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश के आसार हैं. केदारनाथ में गुरुवार को लगातार तीसरे दिन बर्फबारी हुई और सुबह तापमान -8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

तमिलनाडु के कई हिस्सों में उत्तर-पूर्वी मानसून सक्रिय है. चेन्नई के कुछ हिस्सों और दक्षिणी जिलों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. कन्याकुमारी के निचले इलाकों में कई घरों में पानी घुसने की जानकारी है.