देश के कई हिस्सों में नवंबर के मध्य से मौसम का मिजाज बदलने लगा है. मध्य प्रदेश में इस सीजन पहली बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. शहडोल के कल्याणपुर में तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा. राज्य के 15 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंच गया है.

मध्य प्रदेश में कल्याणपुर के अलावा अनूपपुर के अमरकंटक और कटनी के करौंदी में भी ठंड बढ़ी है. रिपोर्ट के अनुसार, भोपाल और जबलपुर का तापमान राज्य के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी कम रहा.

उत्तर भारत में कोहरा और प्रदूषण

उत्तर प्रदेश में लखनऊ समेत 10 शहरों में सुबह कोहरा छाया रहा. नोएडा और गाजियाबाद में सुबह छह बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 278 दर्ज किया गया. कोहरे के कारण नोएडा एयरपोर्ट पर पांच उड़ानों के संचालन में देरी हुई. लोगों को मास्क पहनने और बच्चों व बुजुर्गों की विशेष देखभाल की सलाह दी गई है.

राजस्थान के बीकानेर संभाग में 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल और कुछ जगह बारिश की संभावना है. इसके बाद 16 नवंबर से राज्य में ठंड बढ़ सकती है और तापमान में करीब तीन डिग्री तक गिरावट का अनुमान है.

पहाड़ी राज्यों में बारिश-बर्फबारी का अनुमान

उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में बारिश की संभावना है. 3,200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना बताई गई है.

हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले 48 घंटे में निचले और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है. चंबा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. पंजाब के सात जिलों में 12 नवंबर को हल्की बारिश का अनुमान है, जबकि चंडीगढ़ में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. मेघालय के शिलॉन्ग में भारी ओलावृष्टि के बाद तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई.