भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 11 से 16 नवंबर के बीच देश के कई हिस्सों में बारिश और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है. विभाग के मुताबिक, पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव क्षेत्र मौसम में बदलाव के प्रमुख कारण हैं.
दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में दिवाली के समय से वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 300 के पार दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई है. इन क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ने की बात कही गई है.
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 13 नवंबर तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश या भारी बर्फबारी का अलर्ट है. 12 नवंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश, जबकि 13 नवंबर को जम्मू-कश्मीर में यलो अलर्ट बताया गया है.
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 11 नवंबर को भारी बारिश की संभावना है. 15 और 16 नवंबर को भी तमिलनाडु तथा केरल में बारिश तेज हो सकती है. दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बनने वाला निम्न दबाव क्षेत्र अगले 24 घंटे में मजबूत होने की संभावना जताई गई है.
असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए 11 नवंबर को बारिश का यलो अलर्ट बताया गया है.
