पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है. राजस्थान के सात से अधिक जिलों में गुरुवार को भारी बारिश के साथ ओले गिरे. बारिश और ओलावृष्टि के बाद तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई. शुक्रवार को भी राज्य के सात जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है. जयपुर में सुबह करीब 20 मिनट तक बारिश हुई.

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी

उत्तराखंड के आठ जिलों—नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़—में बारिश की संभावना जताई गई है. केदारनाथ, चोपता, हेमकुंड साहिब और बदरीनाथ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हुआ. शुक्रवार सुबह केदारनाथ में तापमान -6 डिग्री और बदरीनाथ में -5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

हिमाचल प्रदेश में मनाली और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के बाद शिंकुला टॉप, बारालाचा ला और कुंजुम टॉप समेत कुछ ऊंचाई वाले मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है.

यूपी, एमपी और बिहार में बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने शुक्रवार को 37 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है. कई इलाकों में बिजली गिरने की आशंका भी बताई गई है. कासगंज में बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की सूचना है.

मध्य प्रदेश के ग्वालियर, श्योपुर, भिंड, मुरैना और शिवपुरी में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट है. ग्वालियर-चंबल, उज्जैन, सागर और रीवा संभागों में अगले चार दिन मौसम बदलने की संभावना है. बिहार में कुछ जिलों में हल्की बारिश और 17-18 अक्टूबर को उत्तर बिहार में बूंदाबांदी हो सकती है.