पश्चिम बंगाल सरकार ने 14,454 सरकारी पदों पर भर्ती को मंजूरी दी है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कैबिनेट बैठक के बाद बताया कि भर्ती प्रक्रिया अगले छह से आठ महीनों में पूरी करने का लक्ष्य है. इन पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया लोक सेवा आयोग और राज्य पुलिस भर्ती बोर्ड के जरिए पूरी की जाएगी.
स्वीकृत पद वन विभाग, दमकल सेवा, जेल, गृह और पहाड़ी मामलों समेत कई विभागों में बताए गए हैं. पुलिस विभाग के करीब 12 हजार पदों पर नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया 11 अक्टूबर से आगे बढ़ाने की योजना है. इसी दिन करीब पांच हजार चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र दिए जाने की बात कही गई है.
भगिनी निवेदिता योजना को मंजूरी
कैबिनेट ने उच्च शिक्षा हासिल कर रहीं अविवाहित महिलाओं के लिए भगिनी निवेदिता योजना को भी मंजूरी दी है. इसके तहत तीन वर्षों में कुल 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी. पहले और दूसरे वर्ष 17-17 हजार रुपये, जबकि तीसरे वर्ष 16 हजार रुपये दिए जाएंगे. योजना जनवरी 2027 से लागू होने की जानकारी दी गई है.
सरकार ने कर्मबंधुओं का मासिक मानदेय 5 हजार से बढ़ाकर 8 हजार रुपये और एससी-एसटी छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों का भोजन भत्ता 1,800 से बढ़ाकर 3,300 रुपये करने का भी फैसला किया है.
