पश्चिम बंगाल सरकार जबरन वसूली और अवैध लेवी की वसूली पर रोक लगाने के लिए विशेष कानून लाने की तैयारी कर रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रस्तावित कानून में ‘जबरन वसूली’ को अलग अपराध के रूप में परिभाषित किया जाएगा और इसके लिए दंड व कानूनी कार्रवाई का स्पष्ट प्रावधान होगा.
सरकार कानून का ढांचा तैयार करने और इसमें शामिल किए जाने वाले अपराधों व सजा का निर्धारण करने के लिए एक विशेष समिति बनाने की योजना पर काम कर रही है. कानून पारित होने के बाद दोषियों के खिलाफ मौजूदा प्रावधानों की तुलना में कड़ी कार्रवाई का रास्ता खुल सकता है.
सरकार ने वसूली और सिंडिकेट से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराने के लिए टोल-फ्री नंबर भी शुरू किया है. राज्य के पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि इस कार्रवाई में पुलिसकर्मियों को भी जवाबदेह बनाया जाएगा और उन्हें किसी तरह की छूट नहीं मिलेगी.
विपक्षी तृणमूल कांग्रेस ने प्रस्ताव पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राज्य में वसूली की घटनाएं अब भी जारी हैं. पार्टी नेताओं ने कहा कि कार्रवाई केवल कानून बनाने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि संबंधित लोगों के खिलाफ भी कदम उठाया जाना चाहिए.
